मक्खनपुर थाने को मिला ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन
Gargachary Times
10 November 2026, 20:28
23 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में थाना मक्खनपुर को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। थाना मक्खनपुर को QRO Certification LLP (क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन) द्वारा ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत प्रमाणित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना मक्खनपुर की कार्यप्रणाली का स्वतंत्र रूप से मूल्यांकन किया गया। निर्धारित गुणवत्ता प्रबंधन मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली पाए जाने पर 29 अक्टूबर 2026 को प्रमाण-पत्र जारी किया गया।इस प्रमाणन के अंतर्गत थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, चोरी, दुर्घटना, मारपीट और पारिवारिक विवाद से संबंधित अभियोगों का पंजीकरण, मामलों की पूछताछ एवं विवेचना तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार यह प्रमाणन थाने की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, जवाबदेही और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनपद पुलिस का कहना है कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।