फिरोजाबाद के सभी विकास खंडों में लगेंगे जनकल्याणकारी शिविर, 17 से 27 नवंबर तक होगा आयोजन
Gargachary Times
10 November 2026, 20:32
34 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में जनपद के सभी नौ विकास खंडों में विशेष जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके लिए विकास खंडवार कार्यक्रम निर्धारित करते हुए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकास खंड फिरोजाबाद में 17 नवंबर, टूंडला में 18 नवंबर, नारखी में 19 नवंबर तथा शिकोहाबाद में 20 नवंबर को शिविर आयोजित होंगे। इन चारों विकास खंडों के लिए परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इसी क्रम में विकास खंड मदनपुर में 21 नवंबर को तथा अरांव में 23 नवंबर को शिविर लगेगा। इन दोनों विकास खंडों के लिए उपायुक्त श्रम रोजगार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विकास खंड हाथवंत में 25 नवंबर, जसराना में 26 नवंबर तथा एका में 27 नवंबर को शिविर आयोजित होंगे। इन तीनों विकास खंडों में जिला कृषि अधिकारी नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नामित सभी नोडल अधिकारियों को संबंधित खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविरों की तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र ग्रामीण परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके।