Loading...

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने यम द्वितीया पर्व की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

Gargachary Times 10 November 2026, 20:34 34 views
Mathura
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने यम द्वितीया पर्व की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। घाटों से लेकर संपर्क मार्गों तक सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश यम द्वितीया (भाई दूज) पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। मंगलवार शाम नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने क्षेत्रीय पार्षद संतोष पाठक, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार एवं संबंधित अधिकारियों के साथ यमुना के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत कच्चे घाट से हुई। इसके बाद बंगाली घाट, राजा घाट, स्वामी घाट और विश्राम घाट सहित यम-यमुना मंदिर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घाटों से जुड़े मार्गों पर सफाई, सीवेज व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था की भी जांच की गई। नगर निगम की ओर से पर्व को लेकर घाटों एवं संपर्क मार्गों पर 24 घंटे सफाई के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, लाइफ जैकेट, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैनर लगाए गए हैं। इसके साथ ही नियमित अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को सतर्क किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, खोया-पाया शिविर, पेयजल टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था भी की गई। वहीं, घाटों और पहुंच मार्गों पर पर्याप्त रोशनी के लिए स्थायी लाइटों को दुरुस्त करने के साथ अतिरिक्त अस्थायी लाइटें भी लगाई गई हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित स्थलों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। नगर निगम की टीमें पर्व के दौरान घाटों पर लगातार तैनात रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Follow Samachar24