Loading...

ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने छह वर्षीय लापता मासूम को कुछ ही देर में खोजा, मां को सौंपा

Gargachary Times 11 November 2026, 20:44 55 views
Firozabad
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने छह वर्षीय लापता मासूम को कुछ ही देर में खोजा, मां को सौंपा
शिकोहाबाद। घर के पास खेलते समय अचानक लापता हुए छह वर्षीय मासूम को थाना शिकोहाबाद पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की। जानकारी के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर को मोहल्ला पड़ाव निवासी श्रीमती इकरार पत्नी मोहम्मद इमरान ने थाना शिकोहाबाद में सूचना दी कि उनका छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद कामरान दोपहर करीब तीन बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार के निर्देशन में थाना पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने तत्काल बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मोहल्ला पड़ाव और आसपास की गलियों एवं प्रमुख मार्गों पर सघन तलाश की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते कुछ ही समय में लापता मासूम मोहम्मद कामरान को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई और पहचान की पुष्टि के बाद बच्चे को उसकी मां इकरार के सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, मिशन शक्ति प्रभारी काजल, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी राजकुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। फिरोजाबाद पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Follow Samachar24