Loading...

यूपी में चंद्रशेखर-ओवैसी का गठबंधन, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, CM फेस चंद्रशेखर

Gargachary Times 12 November 2026, 16:40 29 views
Lucknow
यूपी में चंद्रशेखर-ओवैसी का गठबंधन, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, CM फेस चंद्रशेखर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में एक नया गठबंधन सामने आया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं ने 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया। इस गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' (SPM) रखा गया है। इसकी ओर से चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। मोर्चे ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना का भी ऐलान किया है। गठबंधन का घोषित लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना और दलितों, मुसलमानों, पिछड़ों तथा दूसरे वंचित समुदायों को एक राजनीतिक मंच पर लाना है। हालांकि विश्लेषक बता रहे हैं कि इस मोर्चे से राज्य की सत्तारूढ़ बीजेपी को सीधा फायदा होगा। क्योंकि दलित और मुस्लिमों ने पिछले चुनावों में सपा और कांग्रेस को वोट दिया था। अगर यह मोर्चा वोट इनके वोट काटने में सफल रहा तो इससे बीजेपी को फायदा होगा। लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। ओवैसी ने कहा कि उन्हें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि चंद्रशेखर आजाद सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने गठबंधन को राजनीतिक और वैचारिक ईमानदारी पर आधारित मजबूत मोर्चा बताया। ओवैसी के मुताबिक, दोनों पार्टियों ने मिलकर उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने का फैसला किया है। ओवैसी ने कहा कि उनका लक्ष्य बीजेपी को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना है। उन्होंने भरोसा जताया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहा है। यह घोषणा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले गठबंधन के संभावित चुनावी कार्यक्रम को लेकर करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चा थी। अब सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना सामने आई है। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा किस तरह होगा, किन सीटों पर AIMIM और किन सीटों पर आजाद समाज पार्टी उम्मीदवार उतारेगी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों नेताओं ने 26 नवंबर को एक बड़ी रैली करने का भी आह्वान किया है। यह रैली गठबंधन की राजनीतिक ताकत दिखाने और चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Follow Samachar24