Loading...

राया-यमुना एक्सप्रेसवे राया कट पुल पर चलती बस में भीषण आग, 40 यात्रियों में मची चीख-पुकार

Gargachary Times 14 November 2026, 22:01 34 views
Mathura
राया-यमुना एक्सप्रेसवे राया कट पुल पर चलती बस में भीषण आग, 40 यात्रियों में मची चीख-पुकार
मथुरा के थाना राया क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे माइलस्टोन 110 राया कट पुल के समीप शनिवार देर रात चलती बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:38 बजे बस में आग लगने की सूचना पीआरवी 5840 को मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, बस संख्या MP14ZH5063 खजुराहो ट्रेवल्स की थी। चालक जितेंद्र निवासी नौगांव, छतरपुर, करीब 40 यात्रियों को दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर लेकर जा रहा था। इसी दौरान राया कट पुल पर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग ने बस और यात्रियों के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
Follow Samachar24