अम्बेडकर पार्क में तोड़फोड़ और संत से मारपीट का आरोप, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे थाने
Gargachary Times
14 November 2026, 22:04
41 views
Mathura
राया। थाना राया क्षेत्र के गांव आयराखेड़ा में नवनिर्मित अम्बेडकर पार्क में शनिवार देर रात तोड़फोड़ किए जाने और पार्क में रहने वाले एक साधु के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। रविवार सुबह घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो गांव में आक्रोश फैल गया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों ने पुलिस को दी शिकायत में गांव के ही कुछ नामजद युवकों पर पार्क में तोड़फोड़ करने, वहां रहने वाले साधु के साथ मारपीट करने तथा पार्क में लिखे 'जय भीम' शब्दों को मिटाने का आरोप लगाया। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी दिखाई दी।
सूचना पर भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र कुमार और मथुरा जिलाध्यक्ष आरके फाइटर सहित अन्य पदाधिकारी भी थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से नामजद युवकों को जल्द हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए और वापस गांव लौट गए।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।