Loading...

उत्तर प्रदेश में जनता भाजपा की सरकार बदलने जा रही है: अखिलेश यादव

Gargachary Times 14 November 2026, 22:08 31 views
Delhi
उत्तर प्रदेश में जनता भाजपा की सरकार बदलने जा रही है: अखिलेश यादव
दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की दस्तक है। उत्तर प्रदेश में जनता भाजपा सरकार बदलने जा रही है। जनता भाजपा से बहुत दुःखी और परेशान है। जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सिद्धांतों के आधार पर काम कर रहा है। भविष्य में इंडिया गठबंधन में कोई बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है। समाजवादी पार्टी गठबंधन में रहकर दूसरे गठबंधन के लिए बात नहीं करती है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को हराने जा रहा है। हमारे कांग्रेस के सम्बंध बहुत अच्छे है। हमने मन बना लिया है कितनी सीटों पर लड़ना है।     शनिवार को नई दिल्ली में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कई समाजों के साथ-साथ पूरे देश को गुमराह किया है। जनता सब समझ गयी है। इसीलिए परिवर्तन दिखाई दे रहा है। भाजपा अब हार रही है। 2014 और 2019 में भाजपा यूपी से जीती थी। केन्द्र में उसकी सरकार बनी। भाजपा यूपी में 2024 में हारी है, आज केन्द्र में गठबंधन की सरकार है, सिर्फ भाजपा की सरकार नहीं है।     अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को मानने वाले बहुजन समाज के लोग, संविधान के रास्ते पर चलने वाले और लोकतंत्र को बचाने वाले लोग पीडीए के साथ एकजुट हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने बहुजन समाज के लोगों को जोड़ने का काम किया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और डॉ. राम मनोहर लोहिया मिलकर एक साथ काम करना चाहते थे, समय ने उन्हें मौका नहीं दिया। परिस्थिति नहीं बनी, उस काम को नेताजी ने किया था। आज हम लोगों ने बहुजन समाज को सीधा-सीधा जोड़ने का काम किया है। जनता से सीधा गठबंधन किया है। इसी गठबंधन का नतीजा है कि भाजपा का वोट कम हो रहा है। भाजपा अयोध्या से शुरू हुई थी, अयोध्या हार गयी। अयोध्या के साथ ही भाजपा के कई महत्वपूर्ण नेता लोकसभा चुनाव में हारे। भाजपा ने जनता को गुमराह किया था, झूठे वादे किये थे। जनता को धोखा दिया। भाजपा के नेताओं ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। सत्ता में आने के बाद मां गंगा को भुला दिया। भाजपा ने यूपी के साथ भेदभाव किया। नफरत फैलाया। पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक समाज को धोखा दिया है। कभी सिख समाज, तो कभी बौद्ध समाज को धोखा दिया।     अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव उसके बाद विधान परिषद चुनाव में आम जनता, नौजवानों, शिक्षकों ने भेदभाव, अन्याय, महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया। भाजपा ने कहा था कि निवेश आएगा लेकिन निवेश नहीं आया। जमीन पर निवेश नहीं दिखाई दे रहा है। नौकरी, रोजगार नहीं है। दिल्ली के आन्दोलन में सबसे ज्यादा नौजवान यूपी से आये। इस सरकार ने फौज की भर्ती को अग्निवीर बनाकर आधी-अधूरी कर दिया। उत्तर प्रदेश में आम जनता और नौजवानों में भाजपा से नाराजगी है। भाजपा सरकार ने आरक्षण छीना, नौकरियां नहीं दी। अभ्यर्थी कोर्ट में जीत गये, उसके बाद भी नौकरी नहीं दी। यूपी में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए। भाजपा सरकार में यूपी में फर्जी एनकाउण्टर हुए। पुलिस हिरासत में मौतें हो रही है। कानून व्यवस्था के नाम पर लोगों की जान ले रहे हैं। हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर दस साल में 80 से ज्यादा टिप्पणियां की है। सुप्रीमकोर्ट ने यहां तक कह दिया कि क्या हम यूपी पुलिस को भंग कर दे।     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सड़कों को बनाने के नाम पर लूट हो रही है। समाजवादी सरकार ने रिकार्ड समय 21 महीने में देश का सबसे अच्छा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया। वह ऐसा इन्फ्रास्ट्रक्चर है जिस पर जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान उतारे जा सकते है। समाजवादी सरकार में जब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया गया, उस समय इंडियन रोड कांग्रेस का कोई मानक नहीं था। आज समाजवादी सरकार में बनाये गये एक्सप्रेस-वे मानक पर नये एक्सप्रेस-वे बन रहे है। भाजपा सरकार ने जो एक्सप्रेस-वे बनाये उसमें घोटाले हुए है। मानकों के साथ खिलवाड़ हुआ। एक्सप्रेस-वे की राईडिंग क्वालिटी ठीक नहीं है। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे 4 हजार करोड़ रू0 से ज्यादा में बना, जिसमें जगह -जगह गड्ढ़े हो गये।     अखिलेश यादव ने कहा कि कानून-व्यवस्था का आधार आंकड़े होते है। भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था बर्बाद कर दी। दलितों के खिलाफ अपराध के मामले में यूपी नम्बर एक है। दलितों पर अपराध बढ़ता जा रहा है। महिलाओं के खिलाफ अपराध में यूपी नम्बर एक है। यूपी में टॉप माफियाओं की लिस्ट पर भाजपा सरकार बात नहीं करती है। भाजपा सरकार ने नोएडा में मजदूरों के आन्दोलन पर अन्याय, अत्याचार किया। डीएम पर पांच लाख रू0 का जुर्माना लगा। इस सरकार ने गरीबों, कमजोरों के मकान तोड़े। सबसे ज्यादा फेंक एनकाउण्टर पीडीए का हो रहा है। यह सब खबरे इसलिए नहीं आती क्योंकि मुख्यमंत्री जी अपनी इमेज चमकाने के लिए अपने ऊपर केन्द्र सरकार से भी ज्यादा पैसा खर्च करते हैं। उत्तर प्रदेश की जनता सब देख रही है। जनता इस बार भाजपा का सफाया कर देगी। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा ने उपचुनाव को बेईमानी से जीता। उत्तर प्रदेश में जनता ने सब देखा है। महिलाओं को रिवाल्वर तानकर वोट डालने से रोका गया।     अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में हमने छात्रों को लैपटॉप दिया। 10 साल के बाद भी लैपटॉप काम कर रहा है। पुलिस का रिस्पांस सिस्टम बनाया। हमने यूपी में देश का सबसे अच्छा पुलिस हेड र्क्वाटर बनाया। लखनऊ, आगरा, कानपुर, नोएडा में दिल्ली से जोड़ने का मेट्रो रेल बनाया। किसानों के लिए मंडिया बनायी। भाजपा सरकार किसानों को खाद तक नहीं दे पा रही है। मुख्यमंत्री जी डीएपी का नाम नहीं बोलते क्योंकि इसमें पीडीए है।     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जेन जी युवाओं का भविष्य बर्बाद किया है। नीट पेपर देने वाले छात्र मध्यम वर्ग से आते हैं। नीट लीक पेपर आंदोलन में आने वाले छात्र-नौजवानों को भाजपा सरकार ने लाठियों से पिटवाया। युवा अपने साथ हुए अन्याय, अत्याचार को कभी नहीं भूलेगा। इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा। आज का युवा झूठे वायदे नहीं चाहता है। समाजवादी पार्टी युवाओं के साथ है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने का काम करेगी।     अखिलेश यादव ने कहा कि मेरा संकल्प था कि भगवान केदारेश्वर का दर्शन करने के बाद भगवान श्रीराम का दर्शन करने अयोध्या जाऊंगा। सनातन धर्म में जब कोई संकल्प लेता है तो उसी के अनुसार काम करता है। इसीलिए इटावा में केदारेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद प्रभु श्रीराम के दर्शन करने जाने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जो लोग पूछते है उन्हें जानना चाहिए कि हमारे घर में शिव पाल, राम गोपाल है। पार्टी में अवधेश है, पवन पुत्र है। हमें तो पहले से ही शिव और राम गोपाल का आशीर्वाद मिल रहा है। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद मिला है। जब आशीर्वाद मिला है तो धन्यवाद देने जाना ही पड़ेगा।     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अयोध्या से ही देश में साम्प्रदायिक राजनीति की शुरूआत की थी। अयोध्या की जनता और समझदार मतदाताओं ने भाजपा की कम्युनल राजनीति को खत्म कर देश में संदेश देने का काम किया है। अयोध्या की जनता का संदेश बदलाव का है। भाजपा के लोगों ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर से चंदा और चढ़ावा चोरी कर लिया। चढ़ावा चोरी और राम धन लूट से सनातनी लोग बहुत दुःखी है। जब मतदान होगा जनता चुनाव में वोट डालने जाएगी तब चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी का असर दिखाई देगा। चुनाव में भाजपा का पता नहीं चलेगा।     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने भी स्वीकार किया है। अयोध्या में करोड़ों श्रद्धावान श्रद्धालुओं ने जो चढ़ावा और दान दिया था, उसकी चोरी हो गयी। मुख्यमंत्री जी तो अयोध्या जाने का विश्व रिकार्ड बना रहे थे, लेकिन उन्हें पता नही चला कि चढ़ावा और दान चोरी हो रहा है। चढ़ावा और चंदा चोरी के असर को भाजपा के अंडरग्राउण्ड और अनरजिस्टर्ड लोग महसूस कर रहे है। जनता भाजपा का सफाया कर देगी।
Follow Samachar24