मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
Gargachary Times
14 November 2026, 22:09
30 views
Firozabad
फिरोजाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत शनिवार को जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और थाना क्षेत्रों में रैली एवं संगोष्ठियों के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं, शिक्षिकाओं, महिलाओं और संभ्रांत नागरिकों को महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, समानता और स्वावलंबन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।अभियान के दौरान महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके कानूनी अधिकारों, साइबर हिंसा एवं ऑनलाइन अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों, पारिवारिक विवादों, बाल विवाह और समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहने और तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है।