फरह में व्यापार मंडल की नई टीम गठित, मनमोहन शर्मा बने अध्यक्ष
Gargachary Times
15 November 2026, 20:43
25 views
Mathura
फरह। आगरा-मथुरा हाईवे स्थित मां की रसोई पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल फरह की नई कार्यकारी टीम का गठन किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मुकेश वार्ष्णेय के आगमन पर नई टीम की घोषणा की गई। इस दौरान व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नई टीम में मनमोहन शर्मा को अध्यक्ष, सुमित अग्रवाल को महामंत्री, नीरज कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अभय अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, देव अग्रवाल को सचिव और रवि शर्मा को मीडिया प्रभारी बनाया गया। सभी पदाधिकारियों का व्यापारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शिव शंकर वर्मा, जिला उपाध्यक्ष परमानंद अग्रवाल और जिला उपाध्यक्ष नंदकिशोर शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि फरह के व्यापारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। मंडल को हर व्यापारी की आवाज बनना होगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने कहा कि फरह के व्यापारियों ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा। मेरा पहला लक्ष्य फरह के हर व्यापारी को सुरक्षित महसूस कराना है। व्यापारियों की दुकान, बाजार और हाईवे पर सुरक्षा, अतिक्रमण, बिजली-पानी और जीएसटी से जुड़ी समस्याओं को मंडल प्राथमिकता से उठाएगा। किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों को एक मंच पर लाकर फरह के व्यापार को मजबूत करना ही हमारी टीम का संकल्प है। मंडल हर छोटे-बड़े व्यापारी के साथ खड़ा रहेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से लगातार संवाद करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।