हत्या के प्रयास के मामले में लाइनपार पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, तमंचा-कारतूस और कुल्हाड़ी बरामद
Gargachary Times
15 November 2026, 20:47
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लाइनपार पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चार आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, कुल्हाड़ी, डंडा, बेसबॉल बैट और एक ऑल्टो कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना लाइनपार में दर्ज मुकदमा संख्या 274/2026 धारा 191(2), 191(3), 190, 333, 352 और 109 बीएनएस के तहत वांछित संदीप पुत्र राजकुमार और सनी पुत्र यदुवंश सिंह उर्फ पप्पू को आरआर रिसोर्ट से करीब 100 मीटर आगे से गिरफ्तार किया गया।
वहीं इसी मुकदमे में प्रकाश में आए दो अन्य आरोपी आनंद पुत्र प्रमोद कुमार और विमल पुत्र सुरेंद्र सिंह को पुलिस टीम ने ढोलपुरा पुल के पास से गिरफ्तार किया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर, एक अतिरिक्त कारतूस, एक कुल्हाड़ी, एक डंडा, एक बेसबॉल बैट और घटना में प्रयुक्त बताई गई ऑल्टो कार संख्या यूपी 83 वाई 4476 बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप निवासी नगला झाल, हाल निवासी शिकोहाबाद, सनी निवासी वासुदेवपुर, आनंद और विमल निवासी नसूपुर संजेती थाना लाइनपार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास थाना लाइनपार में दर्ज मुकदमा संख्या 274/2026 से संबंधित है। संदीप के खिलाफ इसी मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रमित कुमार आर्य, उपनिरीक्षक विवेक चौहान, रामप्रकाश तथा आरक्षी मोहित कुमार, कुलदीप शर्मा और दिलीप शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।