Loading...

फिरोजाबाद में जमीनी विवाद में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, दो दिन पहले घर पर हुआ था पथराव

Gargachary Times 15 November 2026, 20:47 34 views
Firozabad
फिरोजाबाद में जमीनी विवाद में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, दो दिन पहले घर पर हुआ था पथराव
फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र के गांव सिंहपुर में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार तड़के गांव से करीब एक किलोमीटर दूर घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने युवक को घेर लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार गांव सिंहपुर निवासी प्रदीप पुत्र ब्रजसिंह रविवार सुबह अपनी बीमार पत्नी के लिए भगत को घर पहुंचाने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास बनी एक कोठरी के समीप पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।बताया गया है कि दो दिन पहले भी मृतक के घर पर पथराव किया गया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था। मामले में पुलिस ने 14 नवंबर को 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बावजूद रविवार सुबह युवक की हत्या की वारदात हो गई।घटना के बाद मृतक के भाई ने पुलिस और भाजपा नेताओं पर षड्यंत्र के तहत हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।सूचना मिलते ही थाना एका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Follow Samachar24