आगरा यमुना एक्सप्रेस-वे अंडरपास पर लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, तमंचे-कारतूस और बाइक बरामद
Gargachary Times
15 November 2026, 20:51
31 views
Agra
आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे अंडरपास के नीचे चौगान की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, छीनी गई एक्टिवा स्कूटी, एक मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 10 और 11 नवंबर 2026 की रात एक व्यक्ति अपने कार्यस्थल से घर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उसे बातचीत करने के बहाने रोक लिया। आरोपियों ने पीड़ित की एक्टिवा स्कूटी और मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर थाना एत्मादपुर में मुकदमा संख्या 431/2026 धारा 304(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए।
इसी क्रम में 15 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गढ़ी रामी से भागूपुर जाने वाले रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।