Loading...

परखम में चल रही चिंतन बैठक में पहुंचा किसान, उपमुख्यमंत्री के चरणों में गिरकर लगाई न्याय की गुहार

Gargachary Times 17 November 2026, 18:17 38 views
Mathura
परखम में चल रही चिंतन बैठक में पहुंचा किसान, उपमुख्यमंत्री के चरणों में गिरकर लगाई न्याय की गुहार
रिपोर्ट, सतीश तरकर फरह। परखम में चल रही भाजपा की चिंतन बैठक में मुख्यमंत्री और अधिकारियों के रहने की सूचना पर नगला जोतू, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़ का एक किसान मंगलवार को न्याय की गुहार लगाने पहुंचा। सुबह जब उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बैठक स्थल के पास पहुंचे और लोगों से वार्ता करने लगे, तभी पीड़ित किसान वहां पहुंच गया और उनके चरणों में गिरकर अपनी पीड़ा सुनाने लगा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों ने किसान को उठाया, लेकिन उपमुख्यमंत्री ने उसे धैर्य से सुना। किसान का आरोप है कि उसकी 150 बीघा जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। 50 बीघा जमीन पर एक दबंग ने और 100 बीघा जमीन पर चार दबंगों ने कब्जा किया हुआ है। वह 1984-85 की चकबंदी से ही इस जमीन के लिए लड़ रहा है। करीब 40 साल से वह तहसील और कोर्ट के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। किसान ने कहा - विधायक, सांसद, तहसील वाले, किसी ने नहीं सुनी। उल्टा पीट-पीटकर मुझे दो बार जेल भेजा जा चुका है। दबंगों के डर से वह अपने ही गांव में सुरक्षित नहीं है। इससे पहले वह मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी दे चुका है और 5 तारीख को लखनऊ भी गया था, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। हर जगह से निराश होकर वह परखम पहुंचा था। किसान ने उपमुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर कहा कि उसकी जमीन से अवैध कब्जा हटवाया जाए। उपमुख्यमंत्री ने किसान को आश्वासन दिया कि उसकी शिकायत पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। अब किसान को उम्मीद है कि परखम की चिंतन बैठक से उसे न्याय मिलेगा और उसकी जमीन से अवैध कब्जा हटेगा।
Follow Samachar24