राहुल गांधी ने शेयर की शिव-पार्वती की तस्वीर, BJP-RSS को दिया नफरत छोड़ने का संदेश
Gargachary Times
17 November 2026, 18:34
32 views
Delhi
राहुल गांधी ने मंगलवार को 'खाना खाते वक्त मां पापा की गोद में बैठती थीं' वाले किस्से पर ट्रोल होने के बाद शिव-पार्वती की तस्वीर शेयर की। इसमें देवी पार्वती, शिव की गोद में बैठी नजर आ रही हैं।
उन्होंने लिखा, ‘डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।’
ये पूरा मामला सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की सोमवार को ऑफिशियल लॉन्चिंग के समय माता-पिता का किस्सा सुनाने से जुड़ा है।
राहुल ने बताया था, ‘हर बार खाना खाते समय पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं। उन्हें बचपन में यह सामान्य लगता था। दोस्तों के घर जाकर जब उन्होंने ऐसा नहीं देखा तो वे उनसे पूछते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।’
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कहा, किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू हो जाता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ही ईश्वर की तरह पेश करने लगता है। साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। यह एक ऐसा अहंकार है, जो इतना बढ़ गया है कि व्यक्ति खुद को ही दिव्य मानने लगा है।
एक दिन पहले भी हिमंता ने कहा था- 'सॉरी मैडम, वह आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। देश को यह बात बहुत पहले समझ आ गई थी। उम्मीद है अब आप भी समझ जाएंगी। यह प्रोडक्ट अब लॉन्च और री-लॉन्च से भी आगे निकल चुका है।'