मथुरा में जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव / मेला आयोजित, 600 किसानों ने लिया भाग
Gargachary Times
18 November 2026, 18:58
34 views
Mathura
मथुरा: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के अन्तर्गत आज दिनांक 18.11.2026 को जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव / मेला का आयोजन कृषि भवन परिसर, मथुरा में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 प्रगतिशील किसानों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बलदेव पूरन प्रकाश द्वारा भाग लिया गया। कार्यक्रम में प्रभारी कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, कुटकी, सांवा आदि मिलेट्स फसलों से मिलने वाले पोषण संबंधी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गयी। बताया गया कि मिलेट्स में प्रोटीन, फाइबर, आयरन एवं कैल्शियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो मधुमेह, रक्तचाप एवं कुपोषण को नियंत्रित करने में सहायक है। उप कृषि निदेशक, मथुरा द्वारा कृषि निवेशों की उपलब्धता एवं वितरण के विषय में जानकारी प्रदान की गयी। मुख्य विकास अधिकारी, मथुरा द्वारा मिलेट्स से तैयार होने वाले उत्पादों का दैनिक जीवन में प्रयोग करने का आवाहन किया गया। उन्होंने कहा कि मिलेट्स को अपनी थाली में वापस लाना होगा, यही असली पोषण है।
विधायक, बलदेव पूरन प्रकाश द्वारा उपस्थित किसानों से अपेक्षा की गयी कि मोटे अनाज का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि स्वास्थ्य अच्छा रहे। उन्होंने कहा कि मोटा अनाज गरीब का नहीं, स्वस्थ व्यक्ति का अनाज है।
कार्यक्रम में मिलेट्स से निर्मित विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी / स्टॉल भी लगाये गये। स्टॉलों पर मिलेट्स से बने लड्डू, दलिया, बिस्कुट, खिचड़ी एवं अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, जिसका किसानों द्वारा अवलोकन किया गया तथा मिलेट्स आधारित व्यंजनों का स्वाद भी लिया गया। किसानों ने मिलेट्स आधारित उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, प्रभारी कृषि विज्ञान केन्द्र सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी / कर्मचारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया गया।