गोरखपुर की जनता में परिवर्तन के लिए जबरदस्त उत्साह है। अगर आज वोट पड़ जाए तो काशी की तरह गोरखपुर में भाजपा डबल जीरो हो जाएगी: अखिलेश यादव
Gargachary Times
18 November 2026, 19:28
39 views
Lucknow
गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही में महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबाू बन्धू सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया एवं स्व0 विनय कुमार सिंह बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिलेश यादव पीडीए रथयात्रा के जरिए उमड़े जनसमुदाय का अभिवादन करते हुए चौरीचौरा के देवकही गांव पहुंचे। इस अवसर पर उपस्थित विशाल जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज सड़कों पर भारी जन समर्थन मिला। गोरखपुर और चौरी चौरा की जनता सड़कों पर उमड़ पड़ी है। यह विधानसभा चुनाव के पहले की शुरूआत है। गोरखपुर की जनता में परिवर्तन के लिए जबरदस्त उत्साह है। अगर आज वोट पड़ जाए तो काशी की तरह गोरखपुर में भाजपा डबल जीरो हो जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल सीटों के जीतने का नहीं प्रदेश और जनता के भविष्य का चुनाव है। विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। वोट के अधिकार का चुनाव है। भाजपा वोटर लिस्ट में हेराफेरी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जो लोग वन नेशन, वन इलेक्शन की बात करते है वे एक वोटर लिस्ट ठीक से नहीं बना पा रहे हैं। आजादी की लड़ाई में चोरी चौरा का बहुत क्रांतिकारी इतिहास है। स्वतंत्रता संग्राम में बड़ी संख्या में लोग शहीद हुए चौरीचौरा की धरती पर हमें गर्व है। हम अपने उन शहीदों पर गर्व करते है जिनके कारण देश को आजादी मिली। आज भी हमें अगर बलिदानी बाबू बन्धू सिंह याद है, हम उनके साथ ही पीडीए समाज के शहीद नायकों को भी याद कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद है। गोरखपुर का एम्स ठीक से नहीं चल पा रहा है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की जान चली गयी थी। सरकार ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की। किसी परिवार की मदद नहीं की। गोरखपुर के सरकारी अस्पतालों में ठीक से इलाज नहीं मिल रहा है। गरीबों से पैसा वसूला जाता है। कुछ दिन पहले एम्स की डायरेक्टर बीमार हो गयी। उनको एम्स में इलाज नहीं मिल पाया। प्राईवेट नर्सिंग होम में इलाज कराना पड़ा गोरखपुर एम्स को जमीन समाजवादी पार्टी की सरकार में दिया गया था। इसकी शुरूआत समाजवादी पार्टी सरकार में हुआ था। गोरखपुर में एक पुराना मेडिकल कॉलेज था, एक एम्स बन गया। उसके बाद भी किसी को इलाज नहीं मिल पा रहा है। इस सरकार ने पूरी व्यवस्था चौपट कर दिया। भाजपा सरकार में गोरखपुर में प्राइवेट अस्पताल बन गये, सरकारी अस्पताल बर्बाद हो गये। आने वाले समय में समाजवादी सरकार में मेडिकल कॉलेज में सुविधा बढ़ाएंगे। गरीबों का बिना किसी कार्ड के इलाज होगा। कोई कार्ड की जरूरत नहीं होगी। इलाज मुफ्त मिलेगा। भाजपा सरकार ने एम्बुलेंस सेवा, पुलिस की डायल 100 सेवा बर्बाद कर दी। इस सरकार वे पुलिस को भ्रष्ट बना दिया। भ्रष्टाचार चरम पर है। हथेली गरम, पुलिस नरम।
गोरखपुर में भाजपा की उल्टी गिनती चल रही है। पांच बार के विधायक भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। सात बार के सांसद प्रदेश अध्यक्ष बनाए गये है। प्रदेश अध्यक्ष बेचारे को मजबूरी में पांच बार के विधायक के सामने झुकना पड़ता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मंहगाई लगातार बढ़ती जा रही है लेकिन किसानों और गन्ना किसानों को सही कीमत नहीं मिल रही है। सरकार को पेट्रोल सस्ता करना था लेकिन वह मिलावटखोरी कर रही है। पेट्रोल में ई-20 इथेनॉल मिला रही है। मुख्यमंत्री जी को टेक्नोलॉजी के बार में कोई जानकारी नहीं है। अभी उन्होंने छात्रों को टैबलेट के नाम पर गोली दे रहे हैं। सरकार जो टेबलेट बांट रही है 2014 का मॉडल है। अब 2026 चल रहा है। जो टेबलेट मिला है वह चल ही नहीं रहा है। समाजवादी पार्टी ने लैपटॉप बांटा था वह आज भी चल रहा है। जिस तरह से टेक्नालॉजी आयी है। एआई का जमाना है। छात्रों को लैपटॉप की जरूरत है। आज जो इंटरनेट दिखाई दे रहा है उसे तेज करने का काम समाजवादी सरकार में हुआ था। समाजवादी पार्टी की सरकार में सबसे ज्यादा ऑप्टिकल फाइबर बिछाया गया था जिसकी वजह से इंटरनेट गांव-गांव फैला। उसी की वजह से व्यापार, कारोबार और अन्य तकनीकी तेज हुई।
यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में हम गन्ने की मिलें लगाएंगे। जिसमें इथेनॉल भी बनेगा और अन्य चीजें भी बनेंगी। किसानों का भविष्य ठीक करेंगे। हम पीडीए की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय की स्थापना करेंगे। बन्धु राष्ट्र बनाएंगे। अपने अमर शहीदों और क्रांतिकारियों को सम्मान देंगे और समाज को सम्मान दिलाएंगे। कानून के राज की स्थापना करेंगे। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। भाजपा सरकार ने 10 साल में किसानों नौजवानों को धोखा दिया है। उनका भविष्य बर्बाद किया है। जनता ने भाजपा के 10 साल के शासन को देख लिया है। हमें उम्मीद है कि गोरखपुर की जनता समाजवादी पार्टी को सभी सीटे जिताएगी और काशी की तरह गोरखपुर में भी भाजपा डबल जीरो होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिस तरह से चौराचौरा ने आजादी की लड़ाई में एक संदेष दिया था उसी तरह विधानसभा चुनाव में बदलाव का संदेष देगा।
अखिलेष यादव ने कहा कि गोरखपुर आकर लगा कि यूरोप की यात्रा पर आ गया। यहां भाजपा के वादों वाला स्पेन भी है और वेनिस भी है। मुख्यमंत्री जी ने कभी गोरखपुर में मेट्रो चलाने का वादा किया था, लेकिन हर बरसात में गोरखपुर में मेट्रो नहीं नाव चलती है।
कार्यक्रम का आयोजन अजय कुमार सिंह टप्पू ने किया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत किया। इस अवसर पर अजय कुमार सिंह टप्पू को कार्यक्रम आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में आये पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों, किसानों, नौजवानों को धन्यवाद किया।