विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम और एसएसपी ने 142 सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
Gargachary Times
18 November 2026, 19:44
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में जनपद के 142 सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और संवेदनशीलता का आकलन करने के निर्देश दिए। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर उनका भौतिक सत्यापन कराने तथा वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया। ऐसे क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त और पैदल गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए, जिससे मतदाताओं में सुरक्षा का माहौल बना रहे।अधिकारियों ने चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने अथवा मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। हिस्ट्रीशीटर, टॉप-10 अपराधियों, सक्रिय अपराधियों, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही अवैध शस्त्रों, कारतूसों के निर्माण, खरीद-फरोख्त और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी और मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकदी, उपहार व अन्य प्रलोभन सामग्री के वितरण पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए चेकिंग प्वाइंटों पर सघन जांच करने तथा आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया।
जनपद की सीमाओं और दूसरे जनपदों से जुड़े मार्गों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों और मतगणना स्थलों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, रूट प्लान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में सोशल मीडिया एवं साइबर मॉनिटरिंग को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर चुनाव से संबंधित भ्रामक सूचनाएं, फर्जी वीडियो, अफवाह और भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों पर निगरानी रखते हुए तथ्यों का सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन ड्यूटी में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करें।