दस साल से गौ सेवा में जुटी ध्यानमूर्ति संस्था, आठ बाइक एम्बुलेंस बनीं घायल गोवंश का सहारा
Gargachary Times
19 November 2026, 19:26
29 views
Mathura
वृंदावन, गौ माता और बेसहारा बेजुबान जीवों की सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही ध्यानमूर्ति सत्संग सेवा संस्थान ने अपनी दस वर्ष की सेवा यात्रा पूरी होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। परिक्रमा मार्ग स्थित संस्थान परिसर में संचालित बाइक एम्बुलेंस का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान संत-महात्माओं और समाजसेवियों ने गोवंश की सेवा को मानवता का महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की।
महामंडलेश्वर मां ध्यानमूर्ति गिरी महाराज ने कहा कि संस्था विगत एक दशक से गौ माता के संरक्षण, उपचार और असहाय जीवों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। घायल एवं बीमार गोवंश को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि करुणा और संवेदनशीलता का प्रतीक भी है।
महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जू महाराज एवं महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और अन्य कारणों से घायल होने वाले गोवंश को तत्काल सहायता मिलना बेहद जरूरी है। ध्यानमूर्ति सत्संग सेवा संस्थान द्वारा बाइक और चार पहिया एम्बुलेंस के माध्यम से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। विशेष रूप से बाइक एम्बुलेंस के जरिए उन स्थानों पर भी सेवाकर्मी पहुंच पा रहे हैं, जहां बड़े वाहनों का पहुंचना संभव नहीं होता।
संस्था के संयोजक हरिओम शास्त्री ने बताया कि वर्तमान में आठ बाइक एम्बुलेंस मथुरा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गौ सेवा के लिए संचालित हैं। इनके माध्यम से घायल और बीमार गोवंश तक प्राथमिक उपचार पहुंचाने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें आगे की चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा चार पहिया एम्बुलेंस भी गोवंश के उपचार एवं सेवा में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का प्रयास है कि आने वाले समय में इन सेवाओं का दायरा और अधिक बढ़ाया जाए, जिससे किसी भी घायल बेजुबान को उपचार के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।
दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बेजुबान जीवों की पीड़ा समझकर उनकी सहायता करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। संस्थान की एक दशक की सेवा यात्रा इस बात का उदाहरण है कि सामूहिक प्रयास और सेवाभाव से जीवों के जीवन को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र नारायण शुक्ला, नगर निगम के उपसभापति मुकेश सारस्वत, सौरभ गौड़, कथा प्रवक्ता आचार्य बद्रीश महाराज, भागवत कथा प्रवक्ता अनमोल कृष्ण महाराज, बाल व्यास ध्रुव, पुरुषोत्तम मिश्रा सहित अनेक संत-महात्मा एवं सेवाभावी उपस्थित रहे।