मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में ज्योति रहीं अव्वल, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, क्विज और निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और मतदान के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
19 November 2026, 19:48
29 views
Mathura
गोवर्धन। विधानसभा गोवर्धन क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज अडींग में मतदाता जन जागरूकता अभियान के तहत क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गोवर्धन और अडींग क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर लोकतंत्र, संविधान और मतदान प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला निर्वाचन कार्यालय मथुरा के जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर अखिलेश यादव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के परिणाम में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज अडींग की ज्योति ने प्रथम, दीनदयाल इंटर कॉलेज अडींग की योग्यता ने द्वितीय तथा राजकीय भारतीय इंटर कॉलेज अडींग के रोहित और आदर्श जनता इंटर कॉलेज अडींग की रिंकी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विधानसभा गोवर्धन की स्वीप कोऑर्डिनेटर शुचि खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता बनना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। एक-एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ देश और समाज की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन अंकित अग्रवाल ने किया। प्रतियोगिता में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज अडींग, राजकीय भारतीय इंटर कॉलेज अडींग, दीनदयाल इंटर कॉलेज अडींग, आदर्श जनता इंटर कॉलेज अडींग, डीएवी इंटर कॉलेज गोवर्धन, राजकीय हाईस्कूल बछगांव तथा दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज पाडल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में विजेता विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने और मतदान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।