मिशन शक्ति फेज-06 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
19 November 2026, 19:49
43 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत गुरुवार को जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रैली, संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न ब्लॉक, गांवों, स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में मिशन शक्ति पुलिस टीम ने छात्राओं, शिक्षिकाओं और महिलाओं को महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
इस दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, सुरक्षा एवं समानता के अधिकार, साइबर हिंसा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों, पारिवारिक विवादों एवं विघटन, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न होने पर बिना डर के पुलिस से संपर्क करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।