दाऊ दयाल महिला महाविद्यालय में छात्राओं को स्व-गणना और ECINET ऐप के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
19 November 2026, 19:50
28 views
Firozabad
फिरोजाबाद। दाऊ दयाल महिला महाविद्यालय में प्राचार्या प्रोफेसर रेनू वर्मा के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त इकाइयों द्वारा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की ऑनलाइन प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी सुविधाओं के लिए ECINET ऐप के उपयोग की जानकारी छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ को दी गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मास्टर ट्रेनर जनगणना एवं ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा तथा मास्टर ट्रेनर जनगणना अश्वनी कुमार सैलोनिया ने छात्राओं को स्व-गणना की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने ऑनलाइन फॉर्म में पूछे गए सभी 40 प्रश्नों को एक-एक कर समझाते हुए सही जानकारी भरने और फॉर्म सबमिट करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
डॉ. हिमांशु शर्मा ने कहा कि जनगणना-2027 में स्व-गणना की सुविधा डिजिटल भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से स्वयं इस प्रक्रिया को समझने के साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए ECINET ऐप की उपयोगिता बताई। इस दौरान महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराया गया और इसके माध्यम से मिलने वाली विभिन्न ऑनलाइन निर्वाचन सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दूसरे चरण में 'नशा मुक्त युवा भारत, विकसित भारत-2047' विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें तनु सिंह, भावना, शालू, ज्योति सागर, जाह्नवी, लक्ष्मी एवं नेहा ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली वक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वयंसेविकाओं ने एनएसएस गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधवी सिंह और डॉ. अंजु गोयल ने किया। इस अवसर पर श्री अभिषेक अग्रवाल, पंकज एवं रामब्रेश यादव का विशेष सहयोग रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।