मकान के बंटवारे को लेकर सास-बहू में विवाद, बहू ने खुद को लगाई आग; बचाने में पति भी झुलसा
Gargachary Times
19 November 2026, 19:52
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव रूधैनी में मकान के बंटवारे को लेकर सास और बहू के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि नाराज बहू ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं पत्नी को बचाने के प्रयास में उसका पति भी झुलसकर घायल हो गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रूधैनी में जिला पंचायत सदस्य हरीश धनगर के मकान के सामने शिवम अपने परिवार के साथ रहता है। बताया जाता है कि शिवम के दो मकान हैं। वह अपनी पत्नी प्रेमलता के साथ पुराने मकान में रहता है, जबकि दूसरे मकान में उसकी मां गुड्डी देवी रहती हैं।
बताया जा रहा है कि प्रेमलता अपनी सास गुड्डी देवी के कब्जे वाले मकान को भी अपने हिस्से में चाहती थी। इसी बात को लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब छह बजे मकान के बंटवारे को लेकर सास-बहू के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान नाराज होकर प्रेमलता ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। महिला के शरीर में आग की लपटें उठती देख पति शिवम उसे बचाने के लिए दौड़ा। आग बुझाने के प्रयास में वह भी झुलसकर घायल हो गया।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए फिरोजाबाद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्रेमलता की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का माहौल है।