शिकोहाबाद नगर पालिका में 21 लाख के कथित फर्जी भुगतान का मामला, दो कर्मचारियों की हाजिरी पर उठे सवाल
Gargachary Times
20 November 2026, 19:42
30 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर पालिका परिषद में आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों के पारिश्रमिक भुगतान को लेकर करीब 21 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो ऐसे कंप्यूटर ऑपरेटरों के नाम पर भुगतान किया गया, जिनकी वास्तविक उपस्थिति और कार्य करने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इतना ही नहीं, दोनों कर्मचारियों के नाम पर जारी पारिश्रमिक एक अन्य आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर के बैंक खाते में भेजे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक, यह मामला वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक का बताया जा रहा है। आरोप है कि आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर बंटी उर्फ रफाकत हुसैन ने मुहम्मद आसिफ और मुहम्मद आमिर नाम के दो अन्य कंप्यूटर ऑपरेटरों की कथित फर्जी हाजिरी दर्शाकर तीनों के नाम पर जारी पारिश्रमिक की धनराशि स्वयं प्राप्त की। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक स्थित उसके खाते का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुहम्मद आसिफ के नाम से जारी भुगतान वर्ष 2019 से ही उक्त बैंक खाते में भेजा जा रहा था। इस तरह करीब 21 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि खाते में पहुंचने का दावा किया गया है। आरोप यह भी है कि भुगतान का सिलसिला लगातार जारी रहा।
इस प्रकरण में नगर पालिका अध्यक्ष रानी गुप्ता, अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। वहीं, चेयरमैन प्रतिनिधि एवं उनके पति राजीव गुप्ता पर भी नगर पालिका के कार्यों में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले की शिकायत नगर विकास मंत्री, प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग, निदेशक स्थानीय निकाय निदेशालय और आगरा मंडल के मंडलायुक्त से किए जाने की बात कही गई है। शिकायत में पूरे प्रकरण की जांच कराकर कथित वित्तीय अनियमितता की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है।
इनका कहना है
इस प्रकरण को लेकर शिकोहाबाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी और चेयरमैन प्रतिनिधि राजीव गुप्ता का पक्ष जानने के लिए बाइट ली गई है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। फिलहाल लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।