जमीन की रंजिश में प्रदीप की हत्या का एक और आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और दो कारतूस बरामद
Gargachary Times
20 November 2026, 19:43
32 views
Firozabad
एका। थाना एका क्षेत्र के गांव सिंहपुर उडेसर में जमीन की रंजिश को लेकर हुई प्रदीप कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रोवी उर्फ कालू को तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे गांव सिंहपुर उडेसर निवासी 30 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र बज्र सिंह की जमीन की रंजिश को लेकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में थाना एका में मुकदमा संख्या 301/2026 दर्ज किया गया था। इसमें रोवी उर्फ कालू सहित 12 आरोपियों को नामजद किया गया था।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 19 नवंबर को पैड़त पुल से जहानपुर की तरफ जाने वाली नहर पटरी से वांछित आरोपी रोवी उर्फ कालू पुत्र रवेंद्र निवासी गांव सिंहपुर, थाना एका को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में वांछित आरोपी देवेंद्र को पूर्व में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तथा सहअभियुक्त रवेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक विश्वेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल दुष्यंत कुमार, कांस्टेबल प्रशांत कुमार और कांस्टेबल चालक गौरव कुमार शामिल रहे।