Loading...

डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन राष्ट्रसेवा और त्याग की प्रेरणा: केशव प्रसाद मौर्य

Gargachary Times 22 November 2026, 20:27 37 views
Noida
डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन राष्ट्रसेवा और त्याग की प्रेरणा: केशव प्रसाद मौर्य
नोएडा: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गौतमबुद्धनगर के ग्राम कनारसी, नोएडा में महान स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के 117वें जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन केवल एक व्यक्ति की उपलब्धियों की कहानी नहीं, बल्कि देशभक्ति, अदम्य साहस, त्याग, सामाजिक प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रेरक इतिहास है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व समर्पित किया और आजादी के बाद संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची देशभक्ति केवल अपने अधिकारों के लिए खड़े होने में नहीं, बल्कि राष्ट्र के कर्तव्यों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने में भी है। केशव मौर्य ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए कठिन परिस्थितियों और यातनाओं का सामना किया, लेकिन अपने संकल्प से कभी पीछे नहीं हटे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनका संघर्ष और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण में उनकी सहभागिता उनके व्यक्तित्व के दूसरे महत्वपूर्ण पक्ष को सामने लाती है। उन्होंने आजाद भारत को लोकतांत्रिक, संवैधानिक और मजबूत राष्ट्र बनाने की प्रक्रिया में अपना योगदान दिया। डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ संविधान के अंतिम मसौदे पर हस्ताक्षर करने वाले संविधान सभा के सदस्यों में उनका नाम विशेष सम्मान के साथ लिया जाता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन दर्शन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, सामाजिक एकता को मजबूत बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया, संविधान के माध्यम से देश को दिशा देने में योगदान किया और सहकारिता तथा ग्रामीण विकास के जरिए समाज की आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया। उनका मानना और उनका कार्य हमें यह संदेश देता है कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास का लाभ हर वर्ग और हर व्यक्ति तक पहुंचे। केशव मौर्य ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार ने सहकारिता आंदोलन के माध्यम से सामूहिक शक्ति और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। उनका जीवन बताता है कि समाज के लोगों को संगठित करके, उनकी प्रतिभा और श्रम को अवसर देकर आर्थिक एवं सामाजिक परिवर्तन लाया जा सकता है। आज डबल इन्जन सरकार इसी भावना के साथ गरीब, वंचित, पिछड़े और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। उप मुख्यमंत्री ने प्रजापति समाज की गौरवशाली परंपरा और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि प्रजापति समाज के हाथों में माटी को आकार देने का हुनर ही नहीं, बल्कि देश का कल संवारने का सामर्थ्य भी है। यह समाज अपनी मेहनत, सृजनशीलता, उद्यमशीलता और परंपरागत कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। समाज की प्रतिभा और क्षमता को उचित सम्मान एवं अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ प्रत्येक समाज और प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया है। इसी सामूहिक संकल्प और सहभागिता से हम सब मिलकर विकसित भारत तथा विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करेंगे। केशव मौर्य ने कहा कि महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों, आदर्शों और जीवन मूल्यों को अपने आचरण में उतारना है। डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के जीवन से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, सामाजिक सद्भाव, परिश्रम, स्वावलंबन और संविधान के प्रति सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार, उत्तर प्रदेश भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, पूज्य संतगण, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, विधायकगण, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समय सिंह सैनी तथा राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ परिवार के सम्मानित सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24