पुलिस भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रही है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
22 November 2026, 20:29
36 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने सरकारी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया। पुलिस भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है। प्रदेश में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। मुख्यमंत्री जी न्याय नहीं होने देना चाहते हैं।
रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर मामले में पुलिस समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि जब लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हुई थी तब उस मामले में कितने लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, मुख्यमंत्री जी पर मुकदमा होना था कि नहीं होना था। आज गोरखपुर में टक्कर में एक हाथी की मौत हो गयी, किस पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। उन्होंने कहा कि 2025 में सड़क दुर्घटना में 27 हजार लोगों की मौत हो गयी। देश में दुर्घटनाओं से मौत के मामलें में 44 फीसदी वृद्धि हुई है। भाजपा सरकार ने दुर्घटना रोकने के लिए क्या इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाया। हर साल दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही है। इन दुर्घटनाओं में कितनों पर हत्या का मुकदमा हो रहा है। भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। समाजवादी पार्टी के कार्य कर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है। दुर्घटना के मामले में भारत 170 देशों से आगे है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सिपाही की मौत मामले में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जाएगा और परिवार की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं के काफिलों से कई दुर्घटनाएं हुई है और लोगों की जानें गयी है। 03 अक्टूबर 2021 को भाजपा के नेता और मंत्री रहे अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने लखीमपुर खीरी के तिकोनिया में थार से किसानों को कुचल दिया था। 26 नवम्बर 2022 को भाजपा सांसद के काफिले से कुचल कर 9वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी थी। मुख्यमंत्री योगी के काफिले से अर्जुनगंज में तीन लोगों की मौत हुई थी। अर्जुनगंज दुर्घटना में पीड़ित परिवारों के साथ मुआवजा देने में मुख्यमंत्री जी ने भेदभाव किया था क्योकि पीड़ित पीडीए के थे। कानपुर में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली में 1 सिपाही की मौत हो गयी थी। ललितपुर में मंत्री के काफिले ने बच्चे की जान ले ली थी। उन्होंने कहा कि सरकार बताये कि कितने लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है। गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव में बेईमानी न हुई होती तो भाजपा जीरो हो जाती। उन्होंने कहा कि किसान और बुनकर समाजवादी सरकार की प्राथमिकता में रहे हैं। सरकार आने पर किसानों और बुनकरों की हर तरह से मदद होगी। बुनकर भाईयों को पहले की तरह फिक्स रेट बिजली उपलब्ध करायी जाएगी। बाजार की सुविधा दी जाएगी। कच्चे माल की व्यवस्था होगी। अस्पतालों में फ्री इलाज होगा। बुनकर भाई अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है। ये रोजगार देते हैं और अर्थ व्यवस्था को आगे बढ़ाते हैं।