ब्रिटिश तैराक ने होर्मुज में 3 दिन तैरकर देखी तबाही, चेतावनी दी
Gargachary Times
22 November 2026, 20:57
32 views
International
ब्रिटेन के मशहूर तैराक लुईस प्यू ने जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट में तीन दिनों तक तैराकी की। उन्होंने इस दौरान करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान उन्होंने तेल टैंकर और दूसरे व्यापारिक जहाजों पर हमले होते देखे। एक हमले के दौरान जहाज से करीब 4 किलोमीटर दूर समुद्र में मौजूद थे।
56 साल के प्यू संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के समुद्रों के संरक्षण से जुड़े विशेष प्रतिनिधि हैं। उन्होंने यह तैराकी जंग के कारण समुद्री जीवों और पर्यावरण को हो रहे नुकसान की ओर दुनिया का ध्यान खींचने के लिए की।
प्यू का कहना है कि जंग खत्म होने के बाद भी तेल और केमिकल से होने वाला प्रदूषण समुद्र को कई दशकों तक नुकसान पहुंचा सकता है। इससे डॉल्फिन, समुद्री कछुए और दूसरे जीवों के साथ मूंगे की चट्टानों और मैंग्रोव के जंगलों को भी खतरा है।
प्यू ने ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप से तैराकी शुरू की और होर्मुज केप तक पहुंचे। उन्होंने यह दूरी एक बार में पूरी नहीं की, बल्कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन दिनों में अलग-अलग हिस्सों में तैराकी की। इस दौरान वह कुल साढ़े 6 घंटे पानी में रहे।
जंग शुरू होने के बाद इस इलाके में इतनी लंबी दूरी तक तैराकी करने वाले वह पहले व्यक्ति माने जा रहे हैं। प्यू ने चेतावनी दी कि फरवरी से अब तक इस इलाके में व्यापारिक जहाजों पर 130 से ज्यादा हमले हो चुके हैं।
इन हमलों में क्षतिग्रस्त जहाजों से तेल और केमिकल समुद्र में फैलने का खतरा है। इससे डॉल्फिन, समुद्री कछुए और डुगोंग जैसे समुद्री जीवों को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा समुद्र के किनारे मौजूद मूंगे की चट्टानों और मैंग्रोव के जंगलों पर भी इसका बुरा असर पड़ सकता है।