अरांव में 218 लाभार्थियों को मिले आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र, पक्के मकान का सपना होगा साकार
Gargachary Times
23 November 2026, 20:08
39 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विकासखंड अरांव के सभागार में आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुल 218 पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत और परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास) सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 148 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा 70 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रमाण पत्र दिए गए।इस अवसर पर परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास सुविधा से वंचित न रहे।
वहीं, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी जरूरतमंद परिवार बिना छत के न रहे, इसके लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर पारदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं। लाभार्थियों को आवास निर्माण में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। विशेष रूप से दिव्यांग लाभार्थियों ने पक्की छत मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन का आभार जताया।