Loading...

डीएम ने निर्माणाधीन ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम का किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश

Gargachary Times 23 November 2026, 20:09 25 views
Firozabad
डीएम ने निर्माणाधीन ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम का किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को निर्माणाधीन ग्लास म्यूजियम एवं ऑडिटोरियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन की सीढ़ियों, बालकनी, रेलिंग, आंतरिक संरचना और फिनिशिंग से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि फिरोजाबाद की पहचान देश-दुनिया में कांच उद्योग के कारण है। ऐसे में ग्लास म्यूजियम एवं ऑडिटोरियम जिले की सांस्कृतिक और कलात्मक पहचान को नई ऊंचाई देने के साथ ही सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। भवन में प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन और फिनिशिंग के सभी कार्य सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना निर्धारित समय में उपयोग के लिए तैयार हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता ने भी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Follow Samachar24