मार्च तक 125 गांवों में शुरू होगी पेयजल आपूर्ति, डीएम ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
Gargachary Times
23 November 2026, 20:10
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कड़े निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम चरण में चिन्हित 125 गांवों में आगामी मार्च तक हर हाल में पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए। कार्यों में शिथिलता, मैनपावर की कमी और धीमी प्रगति पर उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।
बैठक में पाइपलाइन बिछाने, ओवरहेड टैंक, सीडब्ल्यूआर, पंप हाउस निर्माण, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और रोड रेस्टोरेशन की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के खारे पानी से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। ऐसे क्षेत्रों में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कार्यदायी संस्था एलएंडटी और एनसीसी की प्रगति रिपोर्ट देखने के दौरान जिलाधिकारी ने मैनपावर की कमी और कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने एलएंडटी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए पर्याप्त कर्मचारियों की तत्काल तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी लंबित कार्य युद्धस्तर पर पूरे कराने को कहा।
एटा जनपद के अंतर्गत आने वाले चार गांवों में भूमि और पाइपलाइन बिछाने को लेकर उत्पन्न गतिरोध पर भी डीएम ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि करीब 6.50 करोड़ रुपये की स्वीकृत मुआवजा राशि के सापेक्ष अब तक केवल 1.36 करोड़ रुपये का ही भुगतान हुआ है। उन्होंने किसानों को तत्काल मुआवजा वितरित कर पाइपलाइन का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं, टुंडला क्षेत्र में शेष दो किलोमीटर कार्य को आगरा की टीम से समन्वय स्थापित कर शीघ्र पूरा कराने को कहा।सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत में देरी पर जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि इससे लोगों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। उन्होंने जल निगम और कार्यदायी संस्थाओं को खोदी गई सड़कों का मानक के अनुरूप तत्काल रेस्टोरेशन कराने तथा कार्यस्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क के गड्ढों के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जल निगम के सहायक और अवर अभियंताओं को नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों का स्थलीय सत्यापन करने तथा पाक्षिक डायरी मेंटेन करने के निर्देश दिए। प्रथम चरण के सभी 125 गांवों की ग्रामवार और रोडवार रिपोर्ट के साथ पूर्ण कार्यों की फोटोग्राफ अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम, एलएंडटी, एनसीसी और थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (धारा इंजीनियरिंग) के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।