Loading...

34वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ, डीएम ने मशाल जलाकर दिखाई हरी झंडी

Gargachary Times 23 November 2026, 20:11 32 views
Firozabad
34वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ, डीएम ने मशाल जलाकर दिखाई हरी झंडी
फिरोजाबाद: दाऊ दयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को 34वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ हुआ। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर एवं हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।प्रतियोगिता में जनपद के सभी विकास खंडों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्राथमिक एवं जूनियर स्तर पर बालक-बालिका वर्ग की अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें खो-खो, कबड्डी के साथ 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ की प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। मैदान पर बच्चों का उत्साह और खेल प्रतिभा देखने लायक रही।इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की शक्ति विकसित होती है। उन्होंने बच्चों से हार-जीत की चिंता किए बिना पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।मुख्य विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, एकता और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता बच्चों की खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। बेसिक शिक्षा विभाग का प्रयास है कि शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य सहशैक्षिक गतिविधियों में भी बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्व-गणना एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों से आए खिलाड़ी, शिक्षक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। बच्चों की प्रतिभा, ऊर्जा और उमंग ने खेल मैदान को उत्सवमय बना दिया।
Follow Samachar24