पुलिस और नारकोटिक्स ने 134 किलो गांजा पकड़ा, तीन तस्कर गिरफ्तार, कार में 67 पैकेट में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, कीमत करीब 70 लाख रुपये
Gargachary Times
24 November 2026, 16:50
6 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट टोल प्लाजा से पहले एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा जोन और मथुरा थाना मांट पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 134 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से तीन गांजा तस्करों को भी गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। तस्कर कार में गांजा छिपाकर दिल्ली ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एएनटीएफ और मांट पुलिस की टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट टोल प्लाजा से पहले घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इस दौरान वोक्सवैगन कार संख्या DL 3 CBW 3807 और हुंडई आई-20 कार संख्या MH 47 W 1971 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 67 पैकेट में रखा 134 किलोग्राम गांजा बरामद किया। प्रत्येक पैकेट में दो किलो गांजा रखा था। पुलिस ने मौके से अनिल कुमार उर्फ छोटे निवासी औरैया, हाल निवासी दिल्ली, सचिन देवीदास तायवडे और सोमेश साहेबराव मानेकर निवासी अमरावती, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और 3200 रुपये नकद भी बरामद किए।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे गांजा राजमुंदरी से अन्ना नाम के व्यक्ति से लेकर आए थे और इसे दिल्ली पहुंचाना था। अनिल कुमार अपनी कार में गांजा लेकर चल रहा था, जबकि सोमेश दूसरी कार से आगे-आगे चलकर पायलटिंग कर रहा था और रास्ते की लोकेशन व सुरक्षा संबंधी जानकारी दे रहा था। सोमेश ने अपने गांव के सचिन को 25 हजार रुपये देने का लालच देकर अनिल के साथ भेजा था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की।