Loading...

वृंदावन को ए श्रेणी नगरपालिका का दर्जा दिलाने की मुहिम तेज, दो हजार लोगों ने किए हस्ताक्षर

Gargachary Times 24 November 2026, 18:47 2 views
Mathura
वृंदावन को ए श्रेणी नगरपालिका का दर्जा दिलाने की मुहिम तेज, दो हजार लोगों ने किए हस्ताक्षर
रिपोर्ट - ठा. संजय सिंह वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन को नगर निगम से अलग कर पुनः ए श्रेणी (प्रथम श्रेणी) नगरपालिका परिषद का दर्जा दिलाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस मांग को लेकर गठित वृंदावन ए श्रेणी नगरपालिका जन अभियान मंच द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। मंच के अनुसार, अब तक करीब दो हजार लोग इस मुहिम के समर्थन में हस्ताक्षर कर चुके हैं। वहीं, शहर के कई सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने भी अभियान को अपना समर्थन दिया है। समाजसेवी जितेंद्र सिंह राणा मंच व प्राधिकारियों के अनुसार, इस मुहिम को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से आगामी 7, 8 और 9 दिसंबर को चुंगी चौराहे पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष जनजागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शहर के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, धर्माचार्यों, युवाओं और आम नागरिकों से अभियान को लेकर सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। साथ ही लोगों से यह भी राय ली जाएगी कि वृंदावन को ए श्रेणी नगरपालिका का दर्जा दिलाने की मांग को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन के समक्ष रखने के लिए आगे क्या रणनीति अपनाई जाए। अभियान को समर्थन देने वाले संगठनों में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल वृंदावन, श्री रामलीला कमेटी वृंदावन ट्रस्ट (पंजीकृत), द ट्रेडर्स एसोसिएशन, वृंदावन क्षत्रिय महासभा, नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, गरीब एकता दल और राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ शामिल हैं। मंच का कहना है कि वृंदावन की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए शहर की अलग प्रशासनिक व्यवस्था और ए श्रेणी नगरपालिका का दर्जा समय की आवश्यकता है। इसके लिए जनसहभागिता के माध्यम से एक मजबूत जनमत तैयार किया जा रहा है, ताकि हस्ताक्षरों और आमजन के सुझावों के साथ इस मांग को ठोस तरीके से संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष रखा जा सके। मंच ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तीनों दिन चुंगी चौराहे पर पहुंचकर अपने सुझाव दें और हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी कर वृंदावन के हित से जुड़ी इस मुहिम को मजबूती प्रदान करें।
Follow Samachar24