पात्र महिलाओं को समूहों से जोड़कर बनाएं आत्मनिर्भर, हर पात्र परिवार को मिले आवास का लाभ: केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
24 November 2026, 19:57
29 views
Jalaun
जालौन: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज निरीक्षण भवन, उरई (जालौन) में जनपदस्तरीय विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा स्थानीय विषयों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से सभी पात्र महिलाओं को जोड़ने के साथ ही समूह आधारित आर्थिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जाए। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। समाज की आधी आबादी जितनी सशक्त होगी, परिवार, समाज और राष्ट्र उतनी ही तेजी से प्रगति करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि समूहों के माध्यम से महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर सृजित किए जाएं।
केशव मौर्य ने आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी आवास योजना के लाभ से वंचित न रहने पाए। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत विशेष वर्ग के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजना से लाभान्वित किया जाता है। विशेष रूप से जीरो पावर्टी अभियान के अंतर्गत चिह्नित पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर संतृप्त किया जाए, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को आवास की सुविधा उपलब्ध हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विभाग द्वारा संचालित सभी निर्माण एवं विकास कार्य प्रत्येक स्थिति में दिसंबर माह तक पूर्ण कर लिए जाएं। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ ही अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण भी करें।
उन्होंने वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत अधिकतम श्रमिकों को उनकी मांग के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास, व्यक्तिगत परिसंपत्तियों के निर्माण, आजीविका संवर्धन तथा जल संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए। इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
मौर्य ने प्रत्येक ग्राम में एक-एक सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) के निर्माण की दिशा में कार्य करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को सामाजिक एवं सार्वजनिक समारोहों के आयोजन के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही इन सामुदायिक भवनों के माध्यम से ग्राम पंचायतों की आय के नए स्रोत भी विकसित होंगे, जिससे पंचायतें आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप धरातल पर प्रभावी परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।