मेडिकल कॉलेज में मतदाता जागरूकता और स्वगणना अभियान पर हुआ संवाद, डीएम ने युवाओं को किया प्रेरित
Gargachary Times
24 November 2026, 20:00
23 views
Firozabad
फिरोजाबाद।** जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को स्थानीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शिक्षकों (संकाय सदस्यों) और छात्र-छात्राओं के साथ मतदाता जागरूकता एवं स्वगणना अभियान को लेकर संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने युवा शक्ति और भावी चिकित्सकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ आगामी जनगणना अभियान में स्वगणना प्रक्रिया अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है और मतदान इसका सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए। जिन छात्र-छात्राओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट सेंसस ऑफिसर के रूप में जिलाधिकारी ने जनगणना के महत्व और स्वगणना के विकल्प की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह देश की भावी नीतियों और विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।उन्होंने बताया कि नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना स्वयं कर सकते हैं और इसके बाद प्राप्त यूनिक आईडी को सुरक्षित रख सकते हैं। घर पर प्रगणक के पहुंचने पर यह आईडी साझा करने से आंकड़ों के मिलान और सिंक करने की प्रक्रिया आसान एवं पारदर्शी हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित किया जाने वाला डेटा पूरी तरह गोपनीय एवं सुरक्षित रहता है। इसे किसी भी प्रकार के कानूनी साक्ष्य या प्रमाण के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाता है। इसलिए सभी नागरिक बिना किसी संकोच के सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी मतदान एवं स्वगणना के राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।