शिकोहाबाद में आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों का किया निरीक्षण, संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश
Gargachary Times
24 November 2026, 20:01
34 views
Firozabad
फिरोजाबाद।* आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को शिकोहाबाद क्षेत्र में फुटकर देशी शराब एवं कंपोजिट शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों की व्यवस्थाओं को परखा गया और संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी फिरोजाबाद के आदेश के अनुपालन में तथा उप आबकारी आयुक्त आगरा प्रभार एवं जिला आबकारी अधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशन में 24 नवंबर 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद ने पुलिसकर्मियों एवं विभागीय स्टाफ के साथ क्षेत्र की शराब दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकान एवं कैंटीन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, दुकान के बाहर मदिरापान न होने देने, ग्राहकों की मांग के अनुरूप विभिन्न ब्रांडों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने, पीओएस मशीन से शत-प्रतिशत बिक्री करने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मदिरा की बिक्री केवल निर्धारित मूल्य पर ही करने के निर्देश भी दिए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि दुकानों पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए।