Loading...

देव दीपावली पर दीपों से जगमगाए यमुना जी के घाट

Gargachary Times 24 November 2026, 20:16 35 views
Mathura
देव दीपावली पर  दीपों से जगमगाए यमुना जी के घाट
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना के घाटों पर दिखी दीपों की अद्भुत छटा, नगर निगम ने की व्यापक व्यवस्थाएं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को धर्मनगरी मथुरा में देव दीपावली महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यमुना के विभिन्न घाट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपदान, आकर्षक रंगोलियों और रोशनी से सजे घाटों का नजारा देखते ही बना। इस दौरान श्रद्धालुओं ने यमुना तट पर दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। देव दीपावली के अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से बंगाली घाट पर विशेष आयोजन किया गया, जहां 20 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा घाट आलोकित हो उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर निगम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम की सफाई टीमों ने पूरे दिन विशेष अभियान चलाया। संपर्क मार्गों पर भी लगातार सफाई कराई गई। वहीं श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए घाटों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त अस्थायी लाइटें लगाकर प्रकाश व्यवस्था की गई। नगर निगम की आईईसी टीम ने भी घाटों पर जनजागरूकता अभियान चलाया। टीम ने श्रद्धालुओं से दीपदान और पूजन के बाद निकलने वाली सामग्री को निर्धारित स्थानों पर डालने तथा यमुना घाटों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। नगर निगम की ओर से पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं की निगरानी की गई, जिससे श्रद्धालु देव दीपावली का पर्व स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में मना सकें।
Follow Samachar24