मथुरा के सेरसा और माल गांव में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, मरीजों को मिली जांच और दवाएं
Gargachary Times
25 November 2026, 18:47
4 views
None
मथुरा। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा बुधवार को मथुरा के गांव सेरसा और छोटी कोसी के समीप स्थित गांव माल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। आयोजित कैम्प से सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए।
केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी की पहल पर आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ब्रजवासियों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। कुलाधिपति का मानना है कि ब्रज क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति धन के अभाव में उचित इलाज और शिक्षा से वंचित न रहे।
अस्पताल की प्रचार-प्रसार टीम के मार्केटिंग मैनेजर आमीन खान और हरेंद्र कुंतल के निर्देशन में कैंप इंचार्ज दीपक कंसल चिकित्सकों की टीम के साथ गांव सेरसा पहुंचे। यहां डॉ. मंजीत, डॉ. दिलजीत और डॉ. सचिन ने मरीजों का परीक्षण कर परामर्श दिया। नर्सिंग स्टाफ चंचल ने मरीजों की प्राथमिक जांच की, जबकि फार्मेसी विभाग के नंदू ने निःशुल्क दवाओं का वितरण किया।
इसी क्रम में दूसरा स्वास्थ्य शिविर छोटी कोसी के पास गांव माल में आयोजित किया गया। यहां डॉ. चंदू, डॉ. आंचल और डॉ. अभिषेक ने ग्रामीणों का इलाज करते हुए उन्हें मौसमी बीमारियों व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। शिविर में नर्सिंग विभाग के अनिल ने ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक जांचें कीं तथा फार्मेसी के पंकज ने मरीजों को दवाएं प्रदान कीं।
केएम विश्वविद्यालय की इस पहल की ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों ने जमकर प्रशंसा की और उनका कहना है कि इस प्रकार जनहितकारी कार्यों से जनता में अच्छा संदेश जाता है। शिविर का लाभ उठाने के लिए दोनों गांवों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।