Loading...

यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने हटवाये अवैध अतिक्रमण

Gargachary Times 25 November 2026, 18:57 1 views
Noida
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने हटवाये अवैध अतिक्रमण
नोएडा: यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण एवं अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध जनपद मथुरा की तहसील मांट में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। उक्त कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार मीणा के निर्देशानुसार संपन्न की गई। कार्रवाई का नेतृत्व उप जिलाधिकारी शिवौतार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी तथा तहसीलदार मनीष सिंह द्वारा किया गया। अभियान में प्राधिकरण के भूलेख विभाग के राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों तथा प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानीय राजस्व एवं प्रवर्तन टीम के साथ संयुक्त रूप से सहभागिता की। अभियान के दौरान जनपद मथुरा की तहसील मांट के अंतर्गत लगभग 09 हेक्टेयर (90,000 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण एवं कॉलोनियों का ध्वस्तीकरण किया गया तथा संबंधित भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 27 करोड़ रुपये है। विशेष रूप से तहसील मांट के ग्राम पिपरौली बांगर, चुड़ा हंसी एवं ग्राम सौर की यह भूमि यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आती है। इस क्षेत्र में प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हेरिटेज सिटी एवं राया अर्बन सेंटर परियोजनाओं का विकास प्रस्तावित है। अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना इन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के सुनियोजित क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अनधिकृत निर्माण अथवा अवैध कॉलोनियों का विकास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र में नियोजित एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने तथा अधिसूचित भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रभावी प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे और नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24