भूमि पूजन के साथ शुरू हुई आयुर्वेद महाविद्यालय की नींव, सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
Gargachary Times
26 November 2026, 17:54
36 views
Mathura
फरह। गऊ ग्राम परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में गुरुवार को आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं महाविद्यालय की स्थापना के लिए वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया गया। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए 2 बीएचके आवासीय भवन के निर्माण का भी भूमि पूजन किया गया। पूजन के बाद प्रसाद वितरण हुआ।
समिति के मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दोनों निर्माण कार्यों के लिए भूमि पूजन संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को केंद्र परिसर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गौ संवर्धन, आयुर्वेद, अनुसंधान और शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकल्पों का विमोचन, लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा 2 बीएचके आवासीय परिसर का शिलान्यास भी करेंगे। इसको लेकर केंद्र परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
समारोह को परम पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज एवं आचार्य महामण्डलेश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा श्री अवधेशानन्द गिरि जी महाराज का पावन आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी रहेंगे।
समारोह में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, देव संस्कृति विश्वविद्यालय उत्तराखण्ड के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या, भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' तथा विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
डीएम और एसएसपी ने परखी कार्यक्रम की तैयारियां
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गऊ ग्राम परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और मंच की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने विशेष निर्देश दिए।
इस अवसर पर दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा, संजय, डॉ. कैलाश सारस्वत, नरेंद्र पाठक, कमल कौशिक, जगदीश, डॉ. राम सारस्वत सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।