संविधान दिवस पर मथुरा में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
Gargachary Times
26 November 2026, 17:55
40 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मथुरा में संविधान के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश गूंजा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों, न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन महोली रोड स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विकास कुमार ने की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। इसके बाद छात्र-छात्राओं, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और अन्य प्रतिभागियों ने एक स्वर में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश विकास कुमार ने संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और उसके दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने की अपील की गई।