उत्तर प्रदेश के पर्यटन विकास से प्रभावित हुए 6 राज्यों के युवा, मंत्री जयवीर सिंह से संवाद में किए अहम सवाल
Gargachary Times
26 November 2026, 17:57
44 views
Mathura
लखनऊ: देश के 6 राज्यों से आए युवाओं ने उत्तर प्रदेश के विकास, रोजगार, नशे की समस्या और पर्यटन में युवा सहभागिता जैसे मुद्दों पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से खुलकर संवाद किया। गुरुवार को पर्यटन भवन, लखनऊ में माय भारत (MY Bharat) की ओर से आयोजित वंदे मातरम् कैम्प में छह राज्यों के 150 युवा प्रतिभागियों से बातचीत करते हुए मंत्री ने उन्हें राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने और नेशन फर्स्ट की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान युवाओं ने उत्तर प्रदेश में पर्यटन विकास की सराहना की और अपनी जिज्ञासाओं के अनुरूप मंत्री से सवाल भी पूछे।
दिल्ली, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम और कर्नाटक से आए युवाओं ने संवाद के दौरान अपने राज्यों की चुनौतियों और विकास से जुड़े विषय उठाए। जालंधर की शादिया ने पंजाब में युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की समस्या पर सवाल किया और पूछा कि इस चुनौती से कैसे निपटा जा सकता है। जयवीर सिंह ने जवाब में कहा कि युवाओं को व्यसन मुक्त और चरित्रवान बनाने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ सामाजिक चेतना भी जरूरी है। समाज को भी इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
पंजाब के हार्दिक ने पंजाब से बड़े पैमाने पर युवाओं के पलायन की समस्या पर सवाल उठाते हुए जानना चाहा कि उत्तर प्रदेश ने इस चुनौती से निपटने के लिए क्या कदम उठाए हैं। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उन्हें अपने प्रदेश में ही रोजगार पाने और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
छत्तीसगढ़ की नरेंद्र चंद्रा ने पर्यटन क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें पर्यटन से जोड़ने के उपायों पर सवाल किया। जवाब में पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में युवा पर्यटन क्लब के माध्यम से युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने और पर्यटन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए युवा पर्यटन क्लब से जुड़े युवाओं को 10 हजार रुपये का मानदेय भी दिया जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बन रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और वैश्विक मंच पर भी उत्तर प्रदेश की छवि मजबूत हुई है। प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जो यूपी की बढ़ती आर्थिक क्षमता और निवेशकों के विश्वास को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए उनका पंजीकरण करा रही है और उन्हें ए, बी तथा सी श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में संग्रहालयों की संख्या में भी वृद्धि हुई है, जिससे कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने और नेशन फर्स्ट की भावना के साथ देश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान युवाओं ने पर्यटन मंत्री से अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कराने का आग्रह किया। इस पर जयवीर सिंह ने सहमति जताते हुए कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से सभी युवाओं को राम मंदिर, अयोध्या की यात्रा कराई जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन पर युवाओं ने उत्साह के साथ जय श्रीराम के नारे लगाए। संवाद का यह पल युवाओं के लिए खास रहा।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) की ओर से देशभर में कुल 20 वंदे मातरम् कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में माय भारत लखनऊ की ओर से 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, रूमी दरवाजा चौक में शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें दिल्ली, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम और कर्नाटक से 25-25 युवा, कुल 150 प्रतिभागी शामिल हैं। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ये युवा माय भारत से जुड़े स्वयंसेवक और युवा क्लब सदस्य हैं। शिविर का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, भावनात्मक एकीकरण, संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक विविधता में एकता और विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच खान-पान व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
कैम्प के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराने के साथ विकसित भारत @2047 के संकल्प में युवा नेतृत्व और सहभागिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विशेष सचिव पर्यटन मृदुल चौधरी, राज्य निदेशक गोपेश पांडेय, पद्म श्री नसीम बानो समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।