परचून विक्रेता दो व्यापारियों के साथ चाकुओं से हमला कर हुई लूट के मामले में व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन, पुलिस थाने का घेराव कर बाजार में जताया विरोध, बदमाशों को गिरफ्तार करने की कर रहे मांग
Gargachary Times
26 November 2026, 17:57
32 views
Dholpur
धौलपुर: सैपऊ कस्बे में पार्वती मुख्य नहर पर बुधवार रात्रि को परचून विक्रेता मोनू और भोलू दोनों सगे भाइयों पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर लूट करने के मामले में व्यापारियों में आक्रोश भड़क गया है. गुरुवार सुबह व्यापारी संगठन लामबंद होकर पुलिस थाने पहुंच गए. पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है.
आपको बता दें बुधवार रात्रि को परचून विक्रेता दो सगे भाई मोनू और भोलू पुत्र भगवान दास दुकान को बंद कर नगदी से भरा बैग साथ लेकर घर जा रहे थे. पार्वती मुख्य नहर पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया. दोनों भाइयों को चाकू मारकर गंभीर घायल कर दिया. बदमाश नगदी लूट कर फरार हो गए. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने रात भर बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी. लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है. उधर बदमाशों के हमले में घायल हुए दोनों भाई जिला अस्पताल भर्ती कराए गए हैं. पुलिस ने दोनों के पर्चा बयान ले लिए हैं. सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया है. बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है. आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बाजार में जताया विरोध
परचून दुकानदार मोनू और भोलू पर किए गए जानलेवा हमले के बाद व्यापारी एवं आमजन में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. गुरुवार सुबह भारी तादाद में व्यापारी लामबंद होकर पुलिस थाने पहुंच गए. नगर पालिका अध्यक्ष पप्पू सिंह के नेतृत्व में बाजार में पैदल मार्च कर विरोध जताया है. एसडीएम कार्यालय पहुंच कर भी विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. एसडीएम को ज्ञापन देकर मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा,अगर घटना का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.