'मैं वचन देता हूं... अपराधी किसी भी जाति, धर्म या पार्टी का हो, उसे कारागार भेजा जाएगा': अखिलेश यादव
Gargachary Times
26 November 2026, 20:51
29 views
Top News
लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने आज संविधान दिवस के अवसर पर 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर 27 का संकल्प पीडीए प्रणपत्र नाम से जन-मन का मेनिफेस्टो 2027 जारी किया। संकल्प पत्र जारी करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी सरकार बनाकर किसानों, युवाओं, नौजवानों, महिलाओं, कर्मचारियों सभी वर्गों के लिए किये गये अपने वादों को पूरा करेगी। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के युवाओं एवं युवतियों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करेगी। सभी पात्र युवाओं की सुरक्षित नौकरी की व्यवस्था की जाएगी। सभी सरकारी पदों में समयबद्ध तरीके से रिक्तियां पारदर्शी तरीके से भरना सुनिश्चित किया जाएगा। ऐसी भ्रष्टाचार मुक्त प्रणाली विकसित करेंगे कि पेपर लीक समस्या ही न उत्पन्न होने पाए। इसके लिए सम्बन्धित अधिकारी और मंत्री व्यक्तिगत रूप से उŸारदायी होंगे। सरकारी रिक्तियों का वार्षिक कैलेंडर बनाया जाएगा और सभी परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएंगी। समाजवादी पार्टी सरकार प्रत्येक ग्रेजुएट छात्र को रोजगार अथवा नौकरी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है जब तक ग्रेजुवेट को नौकरी अथवा रोजगार नहीं दिला पाते हैं तब तक उनको प्रतिमाह 5 हजार रू0 पोषण भŸाा देना सुनिश्चित करेंगे। हम पांच सालों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध कराएंगे। शहरों के युवकों को रोजगार के शहरी रोजगार अधिनियम लाया जाएगा। बड़े शहरों में छात्र एवं छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाये जाएंगे। वर्तमान सरकार द्वारा बंद किये गये 26 हजार बंद किये गये प्राथमिक विद्यालयों को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा। 12वीं पास छात्र एवं छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना पुनः लागू की जाएगी। सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई सुविधा दी जाएगी। शिक्षा में जीएसडीपी का 6 फीसदी धनराशि व्यय किया जाएगा। अन्य एडेड स्कूलों के लिए सरकार द्वारा 5 हजार रू0 विशेष अनुदान दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकार जातिगत जनगणना प्रदेश में शुरू करेगी, जिससे अलग-अलग जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति की जानकारी हो पाये और उनके अनुरूप उत्थान की योजना विकसित की जा सके। बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रू0 सालाना पेंशन दी जाएगी। पीडीए, महिलाओं और गरीबों के लिए प्रदेश भर में समाजवादी कैंटीन खोली जाएगी जिसमें 5 रू0 की थाली उपलब्ध करायी जाएगी। सभी सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित व्यक्तियों को उनकी आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। अनुसूचित जाति जनजाति के लिए बोर्ड बनाया जाएगा। सरकारी सेवाओं में बैक लॉक पदो को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जाएगा। आरक्षण को प्रभावी रूप से संविधान के अनुरूप लागू किया जाएगा। दलित उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप फण्ड बनाया जाएगा। 50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित एवं पीडीए के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में सभी 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की लीगल गारन्टी सुनिश्चित करेगी। किसानों की ऋणमाफी करने की योजना तात्कालिक प्रभाव से लागू करेंगे। समाजवादी सरकार 15 हजार करोड़ रू0 का कारपस फण्ड बनाकर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में सुनिश्चित करेगी। सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। समाजवादी पार्टी की सरकार राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लाएगी। सरकारी अस्पतालों में पीडीए और गरीब लोगों को मुफ्त इलाज दिया जाएगा। सभी 18 मण्डलों में सुपर स्पेसलिटी हॉस्पिटल स्थापित किये जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 5 सुपर स्पेसलिटी हॉस्पिटल स्थापित किये जाएंगे। 108, 102 एम्बूलेंस नेटवर्क को उन्नत लाईव सपोर्ट सिस्टम के साथ पुनर्जीवित और सुदृढ़ किया जाएगा। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले नागरिकों को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंशोरेंस उपलब्ध कराया जाएगा। सभी जिला अस्पतालों का उच्चीकरण किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाएगी। पीडीए सरकार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करेगी। इनके प्रति जीरों टॉलरेंस नीति का पालन करेगी। पीडीए सरकार किसी भी प्रकार का दंगा जाति एवं धर्म के आधार पर नहीं होने देगी। प्रदेश भर में किसी भी माफिया एवं गुण्डों को पनपने नहीं दिया जाएगा। उनके विरूद्ध तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। साइबर क्राइम कंट्रोल के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित की जाएगी। सभी प्रमुख शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए व्यापक सुधार एआई टेक्नोलॉजी से कराया जाएगा। यूपी पुलिस के सभी खाली पदों को भरा जाएगा। महिलाओं को नई रिक्तियों में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। 1090 की व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ करके महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यूपी के प्रमुख शहरों को एआई एवं आईटी हब के रूप में विकसित किया जाएगा। सभी गांव एवं शहरों में वाई-फाई जोन विकसित किये जाएंगे। व्यापार सुरक्षा आयोग का गठन किया जाएगा। सभी तहसील मुख्यालयों को फोरलेन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। सभी गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। राज्य के प्रत्येक गांव, कस्बों एवं शहरों में 24 घंटे बिजली सुनिश्चित की जाएगी। अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार रिवरफ्रंट विकसित किये जाएंगे। 10 लाख से ऊपर की आबादी के प्रमुख शहरों में 24 घंटे जल की आपूर्ति की जाएगी।
यादव ने कहा कि कर्मचारियों के लिए 2005 के पूर्व की कुल पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू किया जाएगा। आउटसोर्सिंग की व्यवस्था समाप्त की जाएगी। किसी भी हालत में किसी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की सभी सुविधाओं को नागरिकों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। महंगाई नियंत्रण के लिए प्रमुख शहरों एवं कस्बों में दाम बांधो बाजार खोले जाएंगे। कारीगर पेंशन प्रतिवर्ष 40 हजार देना सुनिश्चित किया जाएगा। बुनकरों को बिजली आपूर्ति पर सब्सिडी दी जाएगी। संविधान के अनुसार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित किया जाएगा। सभी अल्पसंख्यकों को जीवन और संपत्ति की सुरक्षा की जाएगी। समाजवादी पार्टी अग्निवीर योजना का विरोध करती है। शहीदों के लिए पेंशन व्यवस्था की जाएगी और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाए जाएंगे और राज्य भर में 10 स्पोटर््स कॉलेज बनाए जाएंगे। अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया जाएगा। युवा अधिवक्ताओं को वजीफा एवं आर्थिक सहायता दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम पीडीए के लोग उत्तर प्रदेश को एक सम्पूर्ण सुख सम्पन्न समाजवादी पंथ निरपेक्ष लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित व प्रेम, दया, अपनापन के सौहार्दपूर्ण गुणों से परिपूर्ण एक समावेशी सकारात्मक राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। हम अपने समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली और तरक्की के लिए सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक न्याय को बिना किसी भेदभाव के सबके लिए बराबरी से सुनिश्चित करने हेतु सामाजिक न्याय का राज लाने का संकल्प लेते हैं।
कार्यक्रम को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां साहब ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, श्रीमती डिम्पल यादव, सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद हरेन्द्र मलिक, इकरा हसन, लालजी वर्मा, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद जासमीर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, इन्द्रजीत सरोज सहित समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।