फिरोजाबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, पाली इंटर कॉलेज में 7 हजार विद्यार्थियों ने ली संविधान की शपथ
Gargachary Times
26 November 2026, 20:54
38 views
Firozabad
रिपोर्टर अरविन्द कुमार
**शिकोहाबाद।** संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शिकोहाबाद स्थित पाली इंटर कॉलेज के प्रांगण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं कॉलेजों के लगभग सात हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की संरचना, लोकतांत्रिक मूल्यों, विधि के शासन, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (मतदाता साक्षरता क्लब) की भूमिका तथा मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने में युवाओं की सहभागिता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संविधान की बारीकियों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने कहा कि हजारों छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति से राष्ट्रहित और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश गया है। उन्होंने सभी जनपदवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, जिला जज मनोज कुमार तृतीय ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इतने कम समय में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सराहना की।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेश शिवा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित अन्य प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के बारे में जानकारी दी गई।