डीएम ने समाज कल्याण एवं प्रोबेशन विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
Gargachary Times
26 November 2026, 20:55
31 views
Firozabad
रिपोर्टर अरविन्द कुमार
फिरोजावाद
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में समाज कल्याण एवं जिला प्रोबेशन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों को भुगतान, लंबित आवेदन और विभागीय कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक में बताया गया कि जनपद में निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत कुल 56,119 लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में धनराशि भेजी जा रही है। इनमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के 2,408 नवीन स्वीकृत लाभार्थी भी शामिल हैं। जिलाधिकारी ने जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर लंबित सत्यापन प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए आपसी समन्वय से सभी लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत वित्तीय वर्ष में अब तक 33,635 लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु तक योजना का लाभ प्राप्त करने वाले पात्र बच्चे यदि 18 से 23 वर्ष की आयु में NEET, CLAT अथवा डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेते हैं तो नियमानुसार उन्हें 2,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता निरंतर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बच्चों की ड्रॉपआउट दर कम करने और पात्र युवाओं को आगे की शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया।
छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान दशमोत्तर एवं महाविद्यालयीन छात्रवृत्ति आवेदनों के अग्रसारण और लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना में 97.5 प्रतिशत से अधिक प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष पात्र विद्यार्थियों को भी शीघ्र लाभ दिलाने को कहा।जिलाधिकारी ने पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा को अधिकतम सीमा माना जाए। आपात स्थिति एवं दुर्घटना के मामलों में पीड़ित परिवारों को 24 से 48 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा सामूहिक विवाह योजना, वृद्धाश्रम संचालन, आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों में आवास, भोजन एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
वन स्टॉप सेंटर में आवासित महिलाओं की सुरक्षा, नियमित काउंसलिंग और फॉलोअप व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के साथ यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि विधिक प्रक्रिया से पहले किसी पीड़ित का बयान प्रभावित न हो। चाइल्ड हेल्पलाइन और गुमशुदा बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर बच्चों को सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्णयों का स्पष्ट कार्यवृत्त तैयार किया जाए तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए समय-सीमा निर्धारित कर नियमित अनुश्रवण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागीय कार्यों और आंकड़ों की प्रस्तुति में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या अस्पष्टता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाए जाएं।