Loading...

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट के पारिजात सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता

Gargachary Times 27 November 2026, 19:11 39 views
Mainpuri
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट के पारिजात सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता
मैनपुरी - जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट के पारिजात सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2027 की प्रगति की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर से प्रारंभ हुआ यह अभियान 16 दिसंबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत अब तक 11 दिनों का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि जनपद की अनुमानित जनसंख्या के अनुपात में कुल 66 प्रतिशत मतदाता होने चाहिए जिसके सापेक्ष ड्राफ्ट प्रकाशन के समय जनपद में 02 लाख 27 हजार 325 मतदाता कम पाए गए थे, इसमें विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी में 63 हजार 826, भोगांव में 66 हजार 363, किशनी में 41 हजार 122 तथा करहल में 56 हजार 14 मतदाताओं की कमी आंकलित की गई थी। उन्होने जानकारी देते हुए बताया कि इस अंतर को पाटने के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अब तक कुल 36 हजार 899 नए मतदाताओं के फॉर्म-6 प्राप्त किए जा चुके हैं, इनमें 35 हजार 724 ऐसे मतदाता हैं जिनकी आयु पहले ही पूर्ण हो चुकी है, जिनमें विधान सभा मैनपुरी के 10 हजार 903, भोगांव के 08 हजार 298, किशनी के 06 हजार 925 तथा करहल के 09 हजार 598 मतदाता शामिल हैं इसके अतिरिक्त 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले 01 हजार 175 युवा मतदाताओं के आवेदन भी प्राप्त हुए हैं, जिनमें विधान सभा मैनपुरी के 340, भोगांव के 302, किशनी के 211 तथा करहल के 322 युवा मतदाता शामिल हैं। उन्होने बताया कि अब भी लगभग 01 लाख 90 हजार मतदाताओं को ट्रेस करने का लक्ष्य शेष है, जिसे शत-प्रतिशत घरों तक पहुंचकर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण हेतु डुप्लीकेट एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत कुल 02 हजार 51 दावे, आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें मैनपुरी से 510, भोगांव से 388, किशनी से 582 और करहल से 571 आवेदन शामिल हैं, इसी प्रकार नाम, पता, आयु या फोटो संशोधन तथा स्थानांतरण हेतु फॉर्म-8 के कुल 03 हजार 869 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें मैनपुरी में 01 हजार 577, भोगांव में 725, किशनी में 664 तथा करहल में 903 फॉर्म प्राप्त हुये हैं, इस कार्य को गति देने के लिए बीएलओ के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहू, कोटेदार, पंचायत सहायक, शिक्षामित्र, रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान और राजनीतिक दलों के बीएलए की टीमें घर-घर जाकर मतदाता सूची का वाचन कर रही हैं। श्री त्रिपाठी ने बताया कि 28, 29 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें प्रातः 10 बजे से सायं 04 बजे तक सभी बीएलओ, पदाभिहीत अधिकारी अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वह अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और आवश्यकतानुसार फॉर्म-6, 7 या 8 भरकर जमा करें।
Follow Samachar24